दिल्ली सरकार के अधिकारियों की आंशिक “हड़ताल” को खत्म कराने की आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य मंत्रियों की मांग पर केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से बात कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज गृह मंत्री से मुलाकात करने के बाद यह जानकारी दी। केजरीवाल सहित दिल्ली सरकार के चार मंत्री अधिकारियों की “हड़ताल” खत्म कराने और दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग पर राजनिवास में चार दिन से अनशन पर बैठे हैं।
संजय सिंह ने कहा, “दिल्ली में जो आईएएस अधिकारियों की हड़ताल चल रही है और उससे लगातार जो समस्याएं उत्पन्न हुई है उसके बारे में गृह मंत्री को अवगत कराया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह उचित कदम उठाएंगे।” उन्होंने सुबह हुई मुलाकात के दौरान गृह मंत्री से मिले सकारात्मक जवाब पर खुशी जाहिर करते हुये जल्द ही समस्या का समाधान निकलने की उम्मीद जतायी। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही आप खेमे में माहौल फिर तल्ख हो गया जब उपराज्यपाल बैजल ने संजय सिंह के केजरीवाल से मुलाकात करने के अनुरोध को ठुकरा दिया।
संजय सिंह ने कहा, “उपराज्यपाल कार्यालय से बताया गया कि मैं मुख्यमंत्री से नही मिल सकता। अजीब बात है, क्या मुख्यमंत्री को गिरफ़्तार किया गया है? अगर नहीं तो उनसे मिलने क्यों नही दिया जा रहा है? क्या मुख्यमंत्री और उनके मंत्री आतंकवादी हैं? इससे स्पष्ट है कि दिल्ली के उपराज्यपाल गतिरोध को ख़त्म करने के बजाय बढ़ाना चाहते हैं।”
राजनिवास में अनशन पर बैठे मंत्री सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया की चिकित्सा जांच के लिये दोपहर बाद डाक्टरों का दल पहुंचने पर आप ने जबरन अनशन तुड़वाने की कोशिश करने का उपराज्यपाल कार्यालय पर आरोप लगाया। संजय सिंह ने अनशनकारियों के साथ अमानवीय बर्ताव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा “डॉक्टरो की टीम राजनिवास पहुँच गई है मनीष सिसोदिया और सतेन्द्र जैन को उठाने की तैयारी हो रही है। तानाशाही जारी है।”
इससे पहले केजरीवाल ने आज सुबह कार्यकर्ताओं के लिये एक वीडियो संदेश जारी कर आगामी 17 जून को पीएम आवास का घेराव कर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। संजय सिंह ने बताया कि पीएम आवास के घेराव की तैयारियों के लिये शाम को आप विधायकों, सांसद और अन्य पदाधिकारियों की बैठक बुलायी गयी है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App




