गुजरात के सुरेंद्रनगर में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत

Summary :

गुजरात में टेम्पो ट्रैवलर और डंपर की टक्कर, पांच की मौत

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में पश्चिम बंगाल के पांच पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा लिंबड़ी तालुका के नवी मोरवाड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाम करीब साढ़े चार बजे तब हुआ, जब एक टेम्पो ट्रैवलर और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस बताया कि सड़क दुर्घटना इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस उपनिरीक्षक जेएन गमारा ने मीडिया को बताया कि पश्चिम बंगाल के पर्यटकों का एक समूह टेंपो ट्रैवलर में यात्रा कर रहा था और वह दीव तथा गिर जैसी जगहों से घूमने के बाद लौट रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, यह समूह दो दिन बाद अहमदाबाद से अपनी उड़ान भरने वाला था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

हादसे में मौके पर ही दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सायला स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया। डंपर चालक की पहचान की जा रही है, और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या डंपर की गति अधिक थी या कोई अन्य कारण था, जिसकी वजह से यह भीषण दुर्घटना हुई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.