कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगों पर देश में नफरत तथा क्रोध फैलाने का आरोप लगाते हुये कहा कि चाहे जो भी हो गुरूनानक देव के दिये गये शांति, प्रेम और भाईचारे के संदेश की जीत होगी। उन्होंने आज यहां से पंजाब में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करते हुये पार्टी की बढ़ता पंजाब, बदलता पंजाब रैली को संबोधित करते हुये कहा कि गुरूनानक देव की सोच पर आक्रमण हो रहा है।
देश में एक दूसरे को लड़ने का काम हो रहा है लेकिन कोई कितना भी जोर लगा ले जीत तो गुरूनानक देव जी तथा उनकी विचारधारा की होगी। श्री गांधी ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव से पहले मोदी जी ने बड़े-बड़े वादे किये थे। किसानों को उसकी फसल का सही दाम, बेरोजगारों को काम आदि कितने ही वादे किये लेकिन कोई पूरा नहीं हुआ है।
मोदी जी कुछ खास औद्योगिक घरानों को साढ़े तीन लाख करोड़ पैसे बांट सकते हैं लेकिन किसानों का एक भी रूपया माफ नहीं कर सकते।उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासित प्रदेशों में हमने जो वादा किया था उसे पूरा किया तथा किसानों को राहत दी। पंजाब में अमरिंदर सरकार ने वो काम कर दिखाया जिसकी उम्मीद मोदी सरकार से थी। श्री मोदी किसानों,मजदूरों,बेरोजगार नौजवानों की बस बात ही करते हैं। उनकी करनी और कथनी में अंतर है। कांग्रेस ने तीन राज्यों में सत्ता में आने के दस दिन में किसानों का कर्ज माफ करके दिखाया।


Download Android App
Download iOS App



