खेत में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किसान की हत्या

Summary :

बलराम के पुत्र अनिल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम करवाया गया।

राजस्थान में बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में एक किसान की हत्या कर दी गई। उसकी लाश खेत में बने एक कोठे से बरामद हुई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छतरगढ़ पुलिस के अनुसार चक 2-जीएसएम घाघडा में हंसराज सेवटा के खेत को बलराम मेघवाल व पूर्णराम निवासी चक 3 केएनडी रावला ने लगभग 6 माह पहले काश्त करने के लिए ठेके पर ले रखा है। बलराम और पूर्णराम इसी खेत में बनी ढाणी में रहते थे।

पुलिस के अनुसार पूर्णराम 4 मार्च को अपने परिवार के साथ तीन केएनडी चला गया। तथा कल देर शाम जब वह वापस ढाणी में आया तो बलराम के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उसने जैसे ही दरवाजा खोला अंदर खून से सनी हुई बलराम की लाश पड़ थी। देर रात को थाना प्रभारी संदीप पूनिया दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि देर रात को वहां बलराम के पुत्र अनिल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम करवाया गया।

Desk Team