Maharashtra New Government:महाराष्ट्र चुनाव परिणाम के आने से 12 दिनों से सीएम पद को लेकर जारी कयासों पर आज विराम लग गया। मुंबई में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। फडणवीस कल यानी 5 दिसंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे। इस बीच हम बता दें ककि फडणवीस के पास कितनी संपत्ति है। फडणवीस ने विधानसभा चुनाव के दौरान इलेक्शन कमीशन को जो ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनकी नेटवर्थ 13.27 करोड़ रुपए है। वहीं, उन पर 62 लाख रुपए की देनदारी है।
79.3 लाख रुपए आय
चुनावी हलफनामे के अनुसार फडणवीस की वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान कुल आय 79.3 लाख रुपए थी। उससे एक साल पहले उनकी आय 92.48 लाख रुपए थी। देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी के बैंक अकाउंट में 5 लाख रुपए से ज्यादा जमा हैं। उनकी पत्नी अमृता का 5.63 करोड़ रुपए बॉन्ड है। शेयर और म्यूचुअल फंड में भी अच्छा निवेश है। देवेंद्र फडणवीस के एनएसएस पोस्टल अकाउंट में 17 लाख रुपए जमा हैं। उनके पास 3 लाख रुपए की एलआईसी पॉलिसी है।
देवेंद्र के पास 450 ग्राम सोना
देवेंद्र फडणवीस के पास करीब 450 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास 900 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 98 लाख रुपए है। इस दंपति के नाम पर चार पहिया वाहन नहीं है। बता दें, फडणवीस पर जो देनदारी है, वो उनकी पत्नी द्वारा लिए गए 62 लाख रुपए के लोन की है। पत्नी अमृता के नाम पर 1.27 करोड़ रुपए की एग्रीकल्चर लैंड दर्ज है। महाराष्ट्र के नए सीएम के नाम पर 3 करोड़ रुपए का एक घर है। दूसरे घर की कीमत करीब 47 लाख रुपए है। उनकी पत्नी के नाम पर 36 लाख रुपए की रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी है।
वार्ड संयोजक से शुरू की थी राजनीति
फडणवीस ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत वार्ड संयोजक के रूप में की थी। 1989 में उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई थी। 1992 में भाजपा नागपुर इकाई के अध्यक्ष चुने गए थे। 1994 में प्रदेश उपाध्यक्ष और 2001 में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद मिला। 2010 में प्रदेश महासचिव और 2013 में प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। इसके बाद पार्टी की ओर से बिहार विधानसभा चुनाव, केरल विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी संभाली।
लॉ की कर रखी है पढ़ाई
महाराष्ट्र के नए सीएम बनने वाले देवेंद्र फडणवीस ने लॉ की पढ़ाई की है। उन्होंने 1992 में नागपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की है। बिजनेस मैनेजमेंट में पीजी कर रखी है। डीएसइ्र बर्लिन से मेथड एंड टेक्निक्स ऑफ प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है।


Download Android App
Download iOS App



