‘मेरे पास करने के लिए और भी बेहतर काम है…’, शशि थरूर ने कांग्रेस हाई कमान को दे डाली नसीहत!

Summary :

शशि थरूर ने आलोचकों को दिया करारा जवाब

शशि थरूर ने कांग्रेस हाई कमान को नसीहत देते हुए कहा कि उनके पास आलोचकों के लिए समय नहीं है और वह अपने काम में व्यस्त हैं। उन्होंने पनामा में एक बयान दिया, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। थरूर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हाल के वर्षों में भारत की कार्रवाइयों की बात की थी।

Shashi Tharoor Controversy: भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) को विश्व के अलग-अलग देशों में भेजा है. इस डेलिगेशन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर भी शामिल हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने पनामा में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान बयान दिया, जो अब विवाद का कारण बन गया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पनामा में अपने भाषण में थरूर ने कहा कि सीमा पार की सर्जिकल स्ट्राइक पहली बार बीजेपी सरकार के दौरान हुई. उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में हंगामा मच गया. जिससे न केवल बीजेपी समर्थक खुश हुए, बल्कि कांग्रेस के भीतर मतभेद भी उजागर हो गया.

‘थरूर ने दी सफाई,

इस दौरान शशि थरूर ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने केवल हाल के वर्षों में हुए आतंकवादी हमलों के जवाब में भारत की की गई कार्रवाइयों की बात की थी, न कि युद्धों या सैन्य इतिहास की. उन्होंने लिखा, ‘मेरे पास आलोचकों के लिए समय नहीं है. मैंने सिर्फ़ हालिया घटनाओं की बात की है, जिनमें भारत की प्रतिक्रिया संयमित और उद्देश्यपूर्ण रही.’

उन्होंने आगे कहा कि पनामा में एक व्यस्त दिन के बाद उन्हें बोगोटा (कोलंबिया) रवाना होना है, इसलिए उनके पास इस बहस में उलझने का समय नहीं है. अपने आलोचकों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने लिखा, ‘जो लोग मेरी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना चाहते हैं, वे करते रहें.मैं अपने काम में व्यस्त हूं.’

मोदी सरकार के 11 साल पूरे, BJP ने बनाया ‘संकल्प से सिद्धि तक’ कार्यक्रम का प्लान

उदित राज का तीखा प्रहार

शशि थरूर ने पनामा में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 के बालाकोट स्ट्राइक को लेकर बयान दिया था. थरूर के बयान पर कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता उदित राज ने तीव्र प्रतिक्रिया दी. उन्होंने थरूर को बीजेपी का ‘सुपर प्रवक्ता’ बताते हुए तंज कसा कि जो बातें बीजेपी नेता भी नहीं कहते, वो शशि थरूर कह रहे हैं.उदित राज के इस बयान ने कांग्रेस के भीतर मतभेदों को उजागर कर दिया है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।