नागपुर : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के साथ कभी दुश्मनी नहीं रखते। गडकरी ने अगले महीने नागपुर लोकसभा सीट से उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा के पूर्व सांसद नाना पटोले को शुभकामनाएं दी। महाराष्ट्र के लिए बुधवार को घोषित कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों में पटोले का भी नाम था। उनके गृह क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा पटोले को उतारे जाने संबंधी संवाददाताओं के एक सवाल पर गडकरी ने कहा, ‘‘यह अच्छा है, हर उम्मीदवार को चुनाव लड़ने का अधिकार है। मैं किसी भी उम्मीदवार पर टिप्पणी या उनकी आलोचना नहीं करूंगा।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह पिछले पांच साल में अपने किए गए कार्य की बदौलत लोगों के सामने जाएंगे। एक संवाददाता ने ध्यान दिलया कि भाजपा में जब पटोले थे तो गडकरी का आशीर्वाद उनके साथ था, तो मंत्री ने कहा कि अगर कोई पार्टी छोड़ देता है तो इसका ये मतलब नहीं है कि आशीर्वाद नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राजनीति में ऐसी दुश्मनी नहीं रखता। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



