आजम माफी नहीं मांगते हैं तो लोकसभा को उनके खिलाफ करनी चाहिए कार्यवाही : लोजपा

Summary :

जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शनिवार को कहा कि रमा देवी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद आजम खां के विरुद्ध लोकसभा की ओर से अभी तक कार्रवाई हो जानी चाहिए थी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शनिवार को कहा कि रमा देवी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद आजम खां के विरुद्ध लोकसभा की ओर से अभी तक कार्रवाई हो जानी चाहिए थी। 

लोजपा ने मांग की है कि यदि वह (आजम) माफी नहीं मांगते तो लोकसभाध्यक्ष को उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। लोजपा सांसद वीणा देवी ने पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा कि सदन में खां की टिप्पणी की ‘‘अनदेखी नहीं की जा सकती और यह अत्यंत निंदनीय है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘आजम खां के खिलाफ अभी तक कार्रवाई हो जानी चाहिए थी। लोकसभाध्यक्ष को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यदि वह माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।’’ 

लोकसभा सदस्यों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठते हुए शुक्रवार को मांग की थी कि खां के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए जो कि नजीर बने। लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने खां की पार्टी को सूचित किया है कि उन्हें माफी मांगनी होगी नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। 

Desk Team