महिलाओं का अपमान भाजपा का संस्कार : राबड़ी देवी

Summary :

राबड़ी देवी ने भाजपा के नेता की अपमानजनक टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना भाजपा का संस्कार है।

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता की अपमानजनक टिप्पणी पर पलटवार करते हुए आज कहा कि महिलाओं का अपमान करना भाजपा का संस्कार है। 
राजद की नेता ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर कहा, “भाजपाइयों के संस्कार में ही गाली-गलौज है। महिलाओं का अपमान करने वाले इन बेशर्म संघियों (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) को ज्ञात रहना चाहिए कि इनकी हाफ पैंट को फूल पैंट किसने करवाया था।” 
राबड़ी देवी ने कहा, “संघी शुरू से ही महिला विरोधी रहे हैं। कभी चौबे (भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे) तो कभी सुशील कुमार मोदी (बिहार के उप मुख्यमंत्री) और उनके अमर्यादित चेले-चपाटे महिलाओं को गाली देते रहते हैं।” 
गौरतलब है कि विधान परिषद में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर अपने रसूख का इस्तेमाल कर लोदीपुर में मॉल बनाये जाने के राजद के आरोपों से मचे घमासान के बीच भाजपा के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने राबड़ी देवी पर कल अपमानजनक टिप्पणी की थी।

Desk Team