नरेन्द्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भारतीय महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बनने की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा है कि उनके कठोर परिश्रम और सफलता की कहानी भारत की न सिर्फ महिला क्रिकेटरों बल्कि पुरुष क्रिकेटरों के लिए भी एक प्रेरणा है।
मोदी ने क्रिकेटर मिताली राज को नया रिकॉर्ड बनाने पर बधाई देते हुए कहा कि मिताली हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दस हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बहुत-बहुत बधाई। वनडे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सात हजार रन बनाने वाली भी वो अकेली अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ हैं। महिला क्रिकेट के क्षेत्र में उनका योगदान बहुत शानदार है। दो दशकों से ज्यादा के करियर में मिताली राज ने हजारों-लाखों को प्रेरित किया है। उनके कठोर परिश्रम और सफलता की कहानी, न सिर्फ महिला क्रिकेटरों, बल्कि पुरुष क्रिकेटरों के लिए भी एक प्रेरणा है।
प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि साथियो, ये दिलचस्प है, इसी मार्च महीने में जब हम महिला दिवस सेलिब्रेट कर रहे थे, तब कई महिला खिलाड़यों ने मेडल्स और रिकार्ड्स अपने नाम किए हैं। दिल्ली में आईएसएसएफ विश्व कप में भारत शीर्ष स्थान पर रहा। गोल्ड मैडल की संख्या के मामले में भी भारत ने बाजी मारी। ये भारत के महिला और पुरुष निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन की वजह से ही संभव हो पाया।
इस बीच, पी.वी.सिंधू ने स्विस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में सिल्वर मैडल जीता है। आज एजुकेशन से लेकर एंटरप्रेन्योरशिप तक, आर्म्ड फोर्सेज से लेकर साइंस एन्ड टेक्नोलॉजी तक, हर जगह देश की बेटियाँ, अपनी अलग पहचान बना रही हैं। मुझे विशेष खुशी इस बात से है कि बेटियाँ खेलों में, अपना एक नया मुकाम बना रही हैं। प्रोफेशनल चॉइस के रूप में स्पोर्ट्स एक पसंद बनकर उभर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



