India Action On US Tariff: भारत सरकार ने अमेरिका द्वारा नए टैरिफ नियम लागू किए जाने के बाद एक अहम फैसला लिया है। 25 अगस्त 2025 से भारत से अमेरिका भेजी जाने वाली ज्यादातर डाक सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की जा रही हैं। यह कदम अमेरिकी प्रशासन द्वारा 30 जुलाई 2025 को लिए गए उस फैसले के बाद आया है, जिसमें 800 डॉलर तक के सामान पर मिलने वाली टैरिफ छूट खत्म कर दी गई है।
India Action On US Tariff: अमेरिका का नया टैरिफ नियम क्या है?
अमेरिका की नई नीति के अनुसार, 29 अगस्त 2025 से भारत से भेजे जाने वाले अधिकतर उत्पादों पर आयात शुल्क (टैरिफ) लगेगा। ये शुल्क “इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट” (IEEPA) के तहत लिए जाएंगे। हालांकि, 100 अमेरिकी डॉलर तक के सामान पर अभी भी छूट लागू रहेगी।

टैरिफ वसूलने के लिए नई प्रक्रिया
अमेरिका के सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग (CBP) के अनुसार, अब सभी अंतरराष्ट्रीय डाक पार्सलों पर शुल्क वसूला जाएगा। यह काम उन एयरलाइनों या अधिकृत एजेंसियों को करना होगा जो अमेरिका में डाक या माल पहुंचाती हैं। हालांकि, इस प्रणाली को लागू करने के लिए जरूरी तकनीकी और प्रक्रियात्मक व्यवस्थाएं अभी तक पूरी तरह से तैयार नहीं हैं।
India Action On US Tariff: भारत ने डाक सेवा क्यों रोकी?
अमेरिका जाने वाली डाक सेवाओं को रोकने के पीछे मुख्य कारण यह है कि एयरलाइनों ने अपनी संचालन और तकनीकी तैयारी पूरी न होने का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल इन नई शर्तों के तहत डाक पार्सल स्वीकार नहीं कर पाएंगे। इसी वजह से भारत के डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी प्रकार की डाक बुकिंग को 25 अगस्त से अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।

100 डॉलर तक के पार्सल अभी भी जा सकेंगे
हालांकि भारत सरकार ने साफ किया है कि 100 अमेरिकी डॉलर तक की वस्तुएं, जो कि नई छूट के अंतर्गत आती हैं, उन्हें अमेरिका भेजा जा सकता है। इन पर फिलहाल किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है।
सेवाएं फिर से शुरू करने की तैयारी
भारत सरकार और डाक विभाग अमेरिका की डाक एजेंसी (USPS) और सीमा शुल्क विभाग (CBP) के साथ मिलकर पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जैसे ही अमेरिका से स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलते हैं, सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी। डाक विभाग का कहना है कि वह सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि जल्द से जल्द सेवा सामान्य हो सके।
ग्राहकों को मिलेगा पैसा वापस
डाक विभाग ने कहा है कि जिन ग्राहकों ने पहले से अमेरिका के लिए डाक सेवा बुक की थी लेकिन अब उन्हें भेज नहीं पा रहे हैं, उन्हें रिफंड दिया जाएगा। इसके लिए ग्राहक रिफंड क्लेम कर सकते हैं। विभाग ने असुविधा के लिए खेद जताया है और भरोसा दिलाया है कि सेवाएं जल्द बहाल होंगी।
भारत-अमेरिका व्यापार में आई खटास
अमेरिका ने भारत से आने वाले सामानों पर पहले 25% टैरिफ लगाया था, जिसे अब 27 अगस्त से बढ़ाकर 50% करने की योजना है। इससे भारत से अमेरिका जाने वाला माल महंगा हो जाएगा और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में तनाव और बढ़ सकता है।


Download Android App
Download iOS App




