INDIA Alliance Moets : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने गुरुवार को दिल्ली के एक रेस्तरां Moets में लगातार दूसरे दिन अहम लंच बैठक की।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई इस उच्च स्तरीय बैठक में आगे के आंदोलन की रूपरेखा तय की गई, जिसके तहत विपक्षी नेताओं का राजघाट की ओर रुख करने का कार्यक्रम है। SIR प्रक्रिया और कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष अपने रुख पर अड़ा है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हुए प्रदर्शन और धक्का-मुक्की के मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं के खिलाफ तीन प्राथमिकियां दर्ज कर ली हैं। इसके बावजूद विपक्षी नेताओं ने साफ कर दिया है कि वे किसी कार्रवाई से डरकर कदम पीछे नहीं हटाएंगे।
ज्ञानेश के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष
बैठक में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस सांसद कोडिकुनिल सुरेश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्षी दल पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हमारा प्रदर्शन और उग्र होगा।
ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त पद से इस्तीफा देना होगा, या फिर सरकार उन्हें इस पद से हटाए।” उन्होंने बताया कि आंदोलन का नेतृत्व राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी करेंगे।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज किए केस
बैठक के मद्देनजर रेस्तरां के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार को विरोध मार्च के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी करने के आरोपों में अलग-अलग धाराओं के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नाम भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें – प्रियांक खड़गे ने केंद्र पर कर्नाटक सरकार को अस्थिर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल का लगाया आरोप


Download Android App
Download iOS App



