इंडिया गठबंधन ने किया तमिलनाडु के मैटरनिटी लीव फैसले का स्वागत, कहा-यह समय की मांग

Summary :

पटना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की सरकार ने महिलाओं के लिए ऐतिहासिक घोषणा की है। अब राज्य में सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे के जन्म पर भी 365 दिन की पूरी मैटरनिटी लीव मिलेगी। पहले यह सुविधा केवल दो बच्चों तक ही सीमित थी। तमिलनाडु सरकार के इस फैसले का इंडिया गठबंधन के नेताओं ने स्वागत किया है। पटना में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “मैं तमिलनाडु सरकार के फैसले का स्वागत करता हूं। इसको लेकर कुछ दिन पहले दिल्ली में मैंने एक कार्यक्रम भी किया था। बिहार, झारखंड और…

पटना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की सरकार ने महिलाओं के लिए ऐतिहासिक घोषणा की है। अब राज्य में सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे के जन्म पर भी 365 दिन की पूरी मैटरनिटी लीव मिलेगी। पहले यह सुविधा केवल दो बच्चों तक ही सीमित थी। तमिलनाडु सरकार के इस फैसले का इंडिया गठबंधन के नेताओं ने स्वागत किया है।

पटना में राजद सांसद सुधाकर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “मैं तमिलनाडु सरकार के फैसले का स्वागत करता हूं। इसको लेकर कुछ दिन पहले दिल्ली में मैंने एक कार्यक्रम भी किया था। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश को छोड़कर पूरे देश में भारत की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) जनसंख्या को स्थिर रखने वाले मानक रिप्लेसमेंट लेवल 2.1 से नीचे गिर चुकी है। दिल्ली, तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिणी राज्यों में जन्म दर काफी तेजी से नीचे आई है। इसलिए जनसंख्या नियंत्रण की नीति को त्यागना होगा।”

उन्होंने कहा कि “जनसंख्या प्रबंधन की नीति लाना होगा। समय रहते सजग नहीं होंगे तो भारत के लिए यह डिजास्टर साबित होगा। आने वाले समय में बूढ़ी आबादी की सेवा और कमाने के लिए नौजवान नहीं रहेंगे तो ये भारत के लिए डिजास्टर साबित होगा।”

लखनऊ में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “दक्षिण के राज्य जनसंख्या गिरने से परेशान हैं क्योंकि उनके संसाधनों पर भारतीय जनता पार्टी अपने सामंतवादियों का हक चाहती है। दक्षिण भारतीय राज्यों में यह बात घर कर गई है कि उत्तर भारत,में भाजपा ज्यादा संसाधन देना चाह रही है। यह डर उनको हो गया है इसीलिए वह जनसंख्या को बढ़ाने के लिए तमाम पुरस्कारों की घोषणा कर रहे हैं। थलपति विजय ने भी इसी क्रम में यह बात करी है।”

उन्होंने कहा, “देश के विकास में उत्तर हो, दक्षिण हो, पूर्व हो, पश्चिम हो, सब पर दृष्टि केंद्र सरकार की समान रहनी चाहिए। हालांकि दुर्भाग्य है कि भाजपा का जहां शासन नहीं होता भाजपा उन राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार करती है।”

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा, “यह फैसला अचानक नहीं आया है। 2022-23 में भी उमा देवी बनाम तमिलनाडु सरकार का एक केस चल रहा था। अभी तक दो बच्चों के लिए ही वहां 365 दिन के लिए मैटरनिटी लीव दी जाती थी। उसको आगे बढ़ाते हुए सीएम विजय ने एक बड़ा कदम उठाया है और अब तीसरे बच्चे पर भी 365 दिन की मैटरनिटी लीव देने की घोषणा की है।”

उन्होंने कहा, “यह एक बहुत अच्छा कदम है उन माओं के लिए जो तीसरे बच्चे को करना चाहती हैं और उसके बाद उनको छुट्टी नहीं मिलती है, उनको काम की वजह से परेशानियां होती हैं। हम इसका स्वागत करते हैं।”

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.