भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इजराइल और हमास के बीच संघर्ष और इससे जुड़े घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है और अगले एक-दो दिन में संयुक्त राष्ट्र महासभा में यह मुद्दा सामने आने पर उसके बयान देने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने डिजिटल माध्यम से संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
उनसे इजराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष और उससे जुड़े घटनाक्रम एवं भारत के रुख को लेकर सवाल पूछा गया था। उन्होंने कहा, ‘‘ हम इस घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए हैं । 16 मई को संयुक्त राष्ट्र में हमारे स्थायी प्रतिनिधि ने इस बारे में चर्चा के दौरान विस्तृत बयान दिया था।’’
बागची ने कहा, ‘‘ संयुक्त राष्ट्र महासभा में जब यह मुद्दा अगले एक दो दिन में चर्चा के लिये आयेगा तब इस पर हमारे बयान देने की उम्मीद है।’’ उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र में देश के स्थायी प्रतिनिधि टी एस तिरूमूर्ति ने कहा था कि भारत दोनों पक्षों से अत्यधिक संयम दिखाने, तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाई से बचने का आग्रह करता है।
उन्होंने कहा था कि भारत इजराइल और फलस्तीन के बीच वार्ता बहाल करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के हरसंभव प्रयास का समर्थन करता है। गौरतलब है कि इजराइल और हमास के बीच ताजा लड़ाई 10 दिन पहले तब शुरू हुई थी जब उग्रवादी समूह ने यरुशलम पर लंबी दूरी के रॉकेट दागे।
इससे पहले अल-अक्सा मस्जिद में फलस्तीनी प्रदर्शनकारियों और इजराइली पुलिस के बीच झड़पों से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। इसके बाद इजराइल ने हमास को निशाना बनाते हुए काफी हवाई हमले किए। हमास और अन्य उग्रवादी समूहों ने इजराइली शहरों पर 4,000 से अधिक रॉकेट दागे हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक 64 बच्चों और 38 महिलाओं समेत कम से कम 227 फलस्तीनी मारे गए हैं और 1,620 लोग घायल हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



