पाकिस्तान राजनयिक ने मंगलवार को भारत-पाक के संबंधी को लेकर महत्वपूर्ण बात कही। पाकिस्तान के वरिष्ठ राजनयिक आफताब हसन खान ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए सभी द्विपक्षीय मुद्दों, खासकर जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को बातचीत के जरिए हल करना चाहिए।
पाकिस्तान उच्चायोग में पाकिस्तान दिवस समारोह के इतर पत्रकारों को दिए एक बयान में आफताब हसन खान ने कहा, “ इस मौके पर, मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता सभी देशों के विकास के लिए जरूरी है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसियों, खासकर भारत के साथ अच्छे पड़ोसी रिश्ते रखना चाहेगा।
आफताब खान ने कहा, “सतत शांति और स्थिरता के लिए, यह जरूरी है कि हम बातचीत से सभी द्विपक्षीय मुद्दों को हल करें, खासकर, जम्मू-कश्मीर के मुख्य मुद्दे को, जो जरूरी भी है और लंबित है तथा संयुक्त राष्ट्र के समक्ष लंबे समय से लंबित मुद्दा है।” उन्होंने इस मौके पर पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।
उनकी टिप्पणी से पहले, पिछले महीने दोनों देशों ने ऐलान किया था कि वे जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और सभी अन्य सेक्टरों में ‘सभी सहमतियों, समझ और गोलीबारी रोकने’ का सख्ती से पालन करेंगे और यह 24-25 फरवरी की मध्य रात्रि से अमल में है।
इस महीने के शुरू में विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि भारत पाकिस्तान के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है और अगर कोई मुद्दा है तो उसे द्विपक्षीय तरीके से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन सार्थक बातचीत अनुकूल माहौल में ही हो सकती है और यह वातावरण बनाने की जिम्मेदारी इस्लामाबाद पर है।


Download Android App
Download iOS App



