नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के प्रेस सचिव एवं वरिष्ठ राजनयिक वेणु राजमणि को नीदरलैंड में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राजमणि द हेग स्थित रासायनिक हथियारों की रोकथाम संबंधी संगठन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि होंगे और इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय न्यायालय को भी कवर करेंगे जो नीदरलैंड में स्थित है ।
ऐसी उम्मीद की जाती है कि वे नया दायित्व अगले महीने संभालेंगे। राजमणि भारतीय विदेश सेवा में 1986 में शामिल हुए थे और इससे पहले दो वर्ष तक इंडियन एक्सप्रेस समाचारपत्र में संवाददाता रहे थे । चीनी भाषा में धाराप्रवाह बोलने वाले राजमणि ने हांगकांग स्थित भारतीय मिशन में सेवा देने के साथ बीजिंग में भारतीय दूतावास में दो बार सेवाएं दी थी ।
राजमणि ने वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के प्रवक्ता और मिनिस्टर इंचार्ज प्रेस, सूचना एवं संस्कृति के रूप में वर्ष 2005 से 2007 के बीच काम किया था। उन्होंने जिनीवा में संयुक्त राष्ट्र में भारतीय मिशन में काम किया और वर्ष 1996 से 1999 के बीच मानवाधिकार
और मानवीय मामलों के लिए जिम्मेदार अधिकारी के रूप में काम किया ।
विदेश में राजमणि की आखिरी नियुक्ति दुबई में महावाणिज्य दूत के रूप में वर्ष 2007 से 2010 के बीच रही । राजमणि अगस्त 2012 से राष्ट्रपति के प्रेस सचिव के रूप में काम कर रहे हैं।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



