इंदौर से 12 जून को पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा, आईआरसीटीसी चला रहा भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन

Summary :

इंदौर, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आईआरसीटीसी ने नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए विशेष धार्मिक-पर्यटन पैकेज शुरू किया है। ‘भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन’ से संचालित यह ‘पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा’ 12 जून को इंदौर से रवाना होगी। यह 9 रात और 10 दिनों की यात्रा इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यात्री इन स्टेशनों से यात्रा में शामिल हो सकेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के अलावा मनोकामना मंदिर, चितवन नेशनल पार्क, पोखरा और…

इंदौर, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आईआरसीटीसी ने नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए विशेष धार्मिक-पर्यटन पैकेज शुरू किया है। ‘भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन’ से संचालित यह ‘पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा’ 12 जून को इंदौर से रवाना होगी।

यह 9 रात और 10 दिनों की यात्रा इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यात्री इन स्टेशनों से यात्रा में शामिल हो सकेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के अलावा मनोकामना मंदिर, चितवन नेशनल पार्क, पोखरा और काठमांडू के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।

आईआरसीटीसी के एक्जीक्यूटिव टूरिज्म, राहुल होलकर ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, “यह यात्रा 14 कोच की होगी, जिसमें फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड एसी के कोच रहेंगे। इसमें दो रेस्टोरेंट भी होंगे। यात्रा में पोखरा, चितवन, काठमांडू और मनोकामना मंदिर शामिल हैं। रोपवे की सुविधा और जीप सफारी भी रहेगी। यात्रियों का पूरा इंश्योरेंस भी कवर किया गया है। इंदौर से रक्सौल तक ट्रेन से यात्रा होगी और उसके बाद सड़क मार्ग से आगे की यात्रा होगी।”

मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए कहा, “यह लगभग 12 दिनों की यात्रा है। पांच रातों में 3-स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था रहेगी। ठहरना, खाना-पीना, एसी बस से लोकल साइटसीइंग, टूर एस्कॉर्ट और हाउसकीपिंग जैसी सभी सुविधाएं पैकेज में शामिल हैं। केवल कुछ व्यक्तिगत खर्चों के लिए अलग से पेमेंट करना पड़ेगा।”

यात्रा के लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं, जिसमें थर्ड एसी कम्फर्ट के लिए 62,710 प्रति व्यक्ति, सेकेंड एसी डीलक्स के लिए 76,550 प्रति व्यक्ति और फर्स्ट एसी सुपीरियर के लिए 90,400 रुपए प्रति व्यक्ति का किराया तय है। इस समय तक लगभग 50 सीटें बुक हो चुकी हैं। कुल 150 सीटों की क्षमता है।

आईआरसीटीसी के इस पैकेज को धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधाजनक और आरामदायक विकल्प साबित होगा, क्योंकि पूरी यात्रा में ट्रेन, होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण की व्यवस्था एक ही पैकेज में उपलब्ध है।

–आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.