विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने रियो डी जनेरियो में ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक के अपने दौरे को रद्द कर दिया है। जयशंकर ने ऐसा ‘संसदीय प्रतिबद्धताओं’ के कारण किया है। अब उनकी जगह राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी.के.सिंह इस बैठक में भाग लेंगे। वी.के.सिंह पूर्व में विदेश मंत्रालय में जूनियर मंत्री रहे हैं।
यह 25 व 26 जुलाई की बैठक नवंबर में पांच देशों के होने वाले शिखर सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित हो रही है। इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि जनरल सिंह ने एमईए में राज्य मंत्री के रूप में लैटिन अमेरिका को देखा है। जनरल वी.के.सिंह फिलहाल सड़क परिवहन व राजमार्ग राज्य मंत्री हैं।
उन्होंने कहा, ‘अपने प्रभार के तौर पर उन्होंने लैटिन अमेरिका को देखा है और वह इस क्षेत्र के जानकार हैं।’
उनके अनुसार, जयशंकर की कुछ संसदीय प्रतिबद्धताएं हैं और इसलिए यह निर्णय किया गया कि जनरल सिंह ब्रिक्स में विदेश मंत्रियों की बैठक में उनका प्रतिनिधित्व करेंगे।
ब्रिक्स के पांच देशों में-ब्राजील, रूस, भारत, चीन व दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



