जगदंबिका पाल बोले- भाजपा के सिद्धांतों पर जनता का भरोसा, कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार

Summary :

लखनऊ, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर सांसद जगदंबिका पाल ने सोमवार को कहा कि पार्टी के सिद्धांतों पर देश की जनता भरोसा करती है। उसी सोच का परिणाम है कि आज जरूरतमंद लोगों को आवास और गैस जैसी योजनाओं से लाभ मिला है। भाजपा के स्थापना दिवस पर सांसद जगदंबिका पाल ने सोमवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश इकाई के मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “जिस पार्टी की 1984 में लोकसभा में सिर्फ 2 सीटें थीं, आज 240 सीटें हैं। आज भाजपा के…

लखनऊ, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर सांसद जगदंबिका पाल ने सोमवार को कहा कि पार्टी के सिद्धांतों पर देश की जनता भरोसा करती है। उसी सोच का परिणाम है कि आज जरूरतमंद लोगों को आवास और गैस जैसी योजनाओं से लाभ मिला है।

भाजपा के स्थापना दिवस पर सांसद जगदंबिका पाल ने सोमवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश इकाई के मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “जिस पार्टी की 1984 में लोकसभा में सिर्फ 2 सीटें थीं, आज 240 सीटें हैं। आज भाजपा के 18 करोड़ सदस्य हैं। इससे साफ है कि पार्टी के सिद्धांत पर जनता का विश्वास है। आज पार्टी का स्थापना दिवस है, जो हमारे लिए भविष्य का संकल्प भी है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लिया है। पहले बिजली की कमी थी, लोगों के सामने कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं थीं, महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठते थे, लेकिन अब उत्तर प्रदेश बदल चुका है।”

जगदंबिका पाल ने कहा, “जब 1980 में भाजपा का गठन हुआ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत ‘अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना’ को वर्तमान भाजपा सरकार साथ लेकर चल रही है। उसी सोच का परिणाम है कि आज जिसके सिर पर छत नहीं, उसे प्रधानमंत्री आवास दिए जा रहे हैं। जिसके घर गैस नहीं, उसे गैस दी जा रही है। जिनके यहां शौचालय नहीं, उनके यहां शौचालय की व्यवस्था कराई जा रही है।”

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी की ‘डबल-इंजन’ सरकार के अंतर्गत हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज है। पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और पक्की सड़कों (हाईवे) का बुनियादी ढांचा तैयार हो चुका है, जबकि लोगों की जो भी बुनियादी जरूरतें थीं, वे सभी पूरी हो चुकी हैं।

इस दौरान जगदंबिका पाल ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर कहीं नहीं है। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में कांग्रेस सिर्फ बी-टीम बनकर रह गई है। इस पार्टी का अस्तित्व लगभग खत्म हो चुका है।”

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष संसद में महत्वपूर्ण समय में आते नहीं हैं और बाहर जाकर भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने कहा, “भारत एक ऐसा देश है कि जहां पेट्रोल-तेल की कमी नहीं है। सरकार ने एक्साइज ड्यूटी पर भी छूट दी है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कहीं वृद्धि नहीं हो रही है। इसके बावजूद कांग्रेस ने पूरे देश में भ्रम फैलाने का काम किया।”

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.