जयवीर शेरगिल का आरोप-जनता को लूटने के लिए BJP फ्यूल पंपों का कर रही है इस्तेमाल

Summary :

जयवीर शेरगिल ने कहा कि 100 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-यह हर घर पर प्रहार करने के लिए बीजेपी द्वारा शुरू किया गया आर्थिक आतंकवाद है।

देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर जमकर हमला किया। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी पार्टी ईंधन पंपों का उपयोग कर जनता को लूट रही है। कांग्रेस ने इस स्थिति को “आर्थिक आतंकवाद” की संज्ञा दी है। 
कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि, डकैत बंदूक के साथ लूटपाट करते हैं, बीजेपी ईंधन पंपों का उपयोग करके जनता को लूट रही है। पेट्रोल स्टेशनों को ‘गवर्नमेंट लूट पंप’ कहा जाना चाहिए और वेलकम साइन – “बीजेपी जनता पे भारी है, सरकारी लूट जारी है” भी लगाना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि 100 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-यह हर घर पर प्रहार करने के लिए बीजेपी द्वारा शुरू किया गया आर्थिक आतंकवाद है। बीजेपी के मंत्रियों को लोगों की व्यथा को महसूस करने के लिए अपनी सरकारी कार छोड़ देनी चाहिए, अन्यथा वे “मैं प्याज नहीं खाता” की तर्ज पर यह कहेंगे कि “हम पेट्रोल नहीं डलवाते”। 

पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि का सिलसिला 11वें दिन भी जारी, जानें प्रमुख शहरों के रेट

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के ‘फ्रॉडजीवी’ कहां हैं, जो 2014 में 71 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल बिकने पर विरोध करते थे, लेकिन 2021 में 100 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल बिकने पर जश्न मना रहे हैं? राष्ट्र उनके संवाददाता सम्मेलन की प्रतीक्षा कर रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार ग्यारहवें दिन भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
 शुक्रवार को देश भर में इसकी खुदरा कीमतें बढ़ीं, लेकिन वैश्विक तेल बाजार स्थिर रहा। तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 31 पैसे और डीजल में 33 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इस वृद्धि के साथ राष्ट्रीय राजधानी में अब पेट्रोल की कीमत 90.19 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 80.60 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
देश के सभी महानगरों एवं प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर के निशान को पार कर गई है। दरअसल, पेट्रोल की खुदरा कीमत महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में 100 रुपये प्रति लीटर को पार कर गई है। पिछले 11 दिनों में (9 फरवरी से) पेट्रोल की कीमत में 3.24 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि डीजल की दर में 3.47 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। 

Desk Team