नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर और गुजरात के डांग जिलों में रहने वाले किसानों के चेहरे उस वक्त खिल गए, जब शुक्रवार को उनके बैंक खाते में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत आर्थिक सहायता पहुंची। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे भेजी है। पीएम किसान सम्मान निधि मिलने के बाद किसानों ने पीएम मोदी का आभार जताया।
गुजरात के डांग जिले में कुल 30,598 लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से जमा की गई है। सरकार की इस आर्थिक सहायता से किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में काफी मदद मिल रही है। साथ ही डांग जिले के किसान प्राकृतिक खेती की दिशा में भी अधिक उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
डांग जिले के लाभार्थी किसानों ने केंद्र सरकार, गुजरात सरकार और प्रधानमंत्री का आभार जताया। किसान जमसुभाई ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। डांग जिले में किसानों को काफी लाभ हो रहा है।
किसान जयराम भाई ने कहा कि सरकार की बहुत अच्छी योजना है, इसे काफी संख्या में किसानों को लाभ हो रहा है। दूसरी ओर जम्मू के पाम्पोर में केसर उत्पादक इरशाद डार अहमद ने पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया।
आईएएनएस से बातचीत में किसान इरशाद डार अहमद ने कहा कि यह आर्थिक मदद किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रही है, क्योंकि इससे उन्हें खाद और खेती से जुड़ी अन्य जरूरी चीजें खरीदने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लोन लिया है, उन्हें भी इस आर्थिक सहायता से काफी राहत मिलती है। उन्होंने किसान समुदाय को लगातार मदद देने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। एक साल में तीन किस्तों में मिलने वाली छह हजार रुपए हमारे आर्थिक बोझ का काफी हल्का कर देती है।
उधमपुर के किसानों ने भी पीएम मोदी का आभार जताया।
उप-मंडलीय कृषि अधिकारी दर्शन कुमार शर्मा ने कहा कि सभी जानते हैं कि पीएम मोदी ने पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की है। यह हमारे किसानों के लिए एक बहुत बड़ा उपहार है। मुझे लगता है कि हर किसान बेसब्री से इस दिन का इंतजार करता है कि कब प्रधानमंत्री फसल सीजन शुरू होने से पहले यह किस्त जारी करेंगे। उदाहरण के लिए ये किस्तें सालभर में तीन चक्रों में आती हैं, जैसे खरीफ, रबी और एक इनके बीच में। चूंकि हमारा रबी सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए प्रधानमंत्री ने आज यह किस्त जारी की है।
किसान मदनलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की है। इससे 9.34 करोड़ किसानों को लाभ मिला है, जिनके खातों में सीधे 18,680 करोड़ रुपए पहुंचे हैं। इससे उन्हें अपनी फसलें जैसे कि गेहूं, बोने के समय मदद मिलेगी, क्योंकि इससे खाद और बीजों के खर्च को पूरा करने में सहायता होगी। इसके लिए मैं भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने पीएम-किसान योजना शुरू की, जिससे सीधे किसानों को फायदा हो रहा है।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



