गांदरबल, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है। सुधांशु धामा (आईपीएस) ने गांदरबल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला है। यह समारोह जिला पुलिस मुख्यालय गांदरबल में आयोजित किया गया।
कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया के दौरान निवर्तमान एसएसपी खलील अहमद पोसवाल (जेकेपीएस) ने नए एसएसपी को जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने नए एसएसपी का गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह के दौरान उन्हें पारंपरिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एसएसपी सुधांशु धामा ने अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जोश, उत्साह और समर्पण के साथ काम करें, ताकि आम जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने टीम वर्क पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी को मिलकर काम करना होगा।
नए एसएसपी ने पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, भ्रष्टाचार मुक्त माहौल सुनिश्चित करने और समाज से नशे की समस्या को खत्म करने के लिए लक्ष्य आधारित रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनता का विश्वास जीतना और कानून व्यवस्था को मजबूत रखना प्राथमिकता होगी।
नए एसएसपी के रूप में सुधांशु धामा की नियुक्ति से जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुधांशु धामा 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी (एजीएमयूटी कैडर) हैं। इससे पहले वे दिल्ली पुलिस और अरुणाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



