जम्मू: स्वतंत्रता दिवस से पहले देश में आतंकी संगठनों द्वारा किसी बड़े हमले की साजिश का खुलासा सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही कर दिया है। जिसके मद्देनजर जम्मू और राजधानी दिल्ली को दहलाने की आतंकी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। आतंकी साजिश को विफल करते हुए जम्मू में पुलिस ने एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है जिसके पास से आठ ग्रेनेड और कुछ हथियार बरामद किए गए हैं। इसका नाम इरफान हुसैन है। ये आतंकी जाकिर मूसा गैंग का है। एक साल पहले ही ये आतंकवादी बना था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आतंकी स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में बड़े हमले की तैयारी में हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जम्मू के गांधी नगर इलाके में रविवार रात एक बस को रोका जिसमें एक कश्मीरी युवक को गिरफ्तार किया जिसके पास 8 ग्रेनेड और हथियार थे। आतंकी की पहचान दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में रहने वाले आतंकी अरफान वानी के रूप में हुई है। आतंकी के पास से पुलिस ने 60 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आतंकी से पूछताछ कर रही है। सुरक्षाबलों को मिली सूचना के आधार पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद भी 15 अगस्त से पहले बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहा है। आतंकी अरफान की गिरफ्तारी के बाद जम्मू में पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। तथा शहर के कई हिस्सों में छापेमारी जारी है।सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं उसके निशाने पर बस में सवार यात्री भी तो नहीं थे।
आपको बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि 15 अगस्त से पहले आतंकी राजधानी दिल्ली में किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



