झारखंड: लातेहार में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में हथियारों का जखीरा बरामद

Summary :

पुलिस की सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों के हथियार जब्त

लातेहार जिले में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। तुतापानी जंगल में जमीन के नीचे आईईडी लगाए गए थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित तरीके से नष्ट किया। इस अभियान में कई नक्सली मारे गए और गिरफ्तार हुए।

झारखंड के लातेहार जिले की पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन के दौरान आठ आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक पदार्थ बरामद किया है। बताया गया कि नक्सलियों ने नेतरहाट थाना क्षेत्र के तुतापानी जंगल एवं निकटवर्ती पहाड़ी इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जमीन के नीचे आईईडी लगा रखा था। प्रत्येक आईईडी 0.5 किग्रा क्षमता का था, जिसे पुलिस ने बरामद करने बाद सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया है। इसी इलाके में 26 मई को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली मनीष यादव मारा गया था, जबकि दस लाख के इनामी जोनल कमांडर कुंदन खेरवार को गिरफ्तार किया गया था।

झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी नक्सली मनीष यादव ढेर

मुठभेड़ के बाद से एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पूरे इलाके में घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लातेहार पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान 7.62 एमएम का एक एक राइफल, 9 एमएम का एक कार्बाइन, 7.62 एमएम की, 5.56 एमएम की 40 एवं 9 एमएम की 79 जिंदा कारतूस, एसएलआर राइफल के 4 मैगजीन, 9 एमएम कार्बाइन के 4 मैगजीन, 9 एमएम मैगजीन का 1 कवर के अलावा सैन्य उपयोग में लाई जानी वाली पाउच, राइफल क्लीनिंग रॉड, रायफल साफ करने का तेल और एक मोटोरोला वायरलेस सेट बरामद किया गया है।

इस सर्च ऑपरेशन में मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, गारू थाना प्रभारी पारसमणि और आईआरबी बी सैट-147 के विशेष बल के जवान शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि 26-27 मई को पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में माओवादी नक्सलियों के सशस्त्र दस्ते के साथ जारी मुठभेड़ में पुलिस ने एक टॉप नक्सली कमांडर तुलसी भुइयां को मार गिराया था। मौके से एक एसएलआर राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.