झारखंड के चाईबासा में माओवादी नक्सलियों द्वारा शुक्रवार को किए गए IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट में CRPF का एक जवान शहीद हो गया है, जबकि एक अफसर एवं एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया है। शहीद हुए जवान का नाम संतोष उरांव बताया गया है। वे CRPF 94 बटालियन के जवान थे। घायलों में CRPF की 60वीं बटालियन के एजेतो तिने और कांस्टेबल जयंता नाथ शामिल हैं। दोनों नॉर्थ ईस्ट के रहने वाले हैं।
HIGHLIGHTS
- नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर निकली थी CRPF की टीम
- इलाज के दौरान कांस्टेबल संतोष उरांव ने तोड़ दिया दम
- हेमंत सरकार नहीं उठा रही नक्सलियों के खिलाफ सख्त कदम
बताया गया कि CRPF की टीम चाईबासा के हाथीबुरू जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे लगाई गई IED का जोरदार ब्लास्ट हुआ। बटालियन के तीन लोग इसकी चपेट में आए। गंभीर रूप से घायल हुए कांस्टेबल संतोष उरांव ने इलाज के लिए लाए जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
चाईबासा SP आशुतोष शेखर ने बताया है कि दोपहर के समय नक्सल अभियान पर निकले सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए IED ब्लास्ट किया गया है। चाईबासा में नक्सलियों ने बीते अगस्त महीने से अब तक कम से कम आधा दर्जन बार IED ब्लास्ट के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों के चार अधिकारी-जवान शहीद हो चुके हैं। बीते 28 सितंबर को जिले के अति नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के सरजमबुरू और तुंबाहाका गांव के पास के पहाड़ी के पास किए गए विस्फोट में एक जवान की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे।
इसी तरह पिछले 14 अगस्त को टोंटो थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर और जगुआर फोर्स के एक जवान शहीद हो गये थे। इसी तरह बीते 13 सितंबर को भी कोल्हान के जंगल में नक्सलियों ने IED विस्फोट कर CRPF का सामान ले जा रहे ट्रैक्टर को उड़ा दिया था, जिसमें टैक्ट्रर के खलासी की मौत हो गई थी, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



