सिमडेगा, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार रात करीब 11 बजे पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक सुनसान जगह पर घात लगाए बैठे चार युवकों ने उन्हें रोक लिया। पीड़िता की सहेली किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही लेकिन आरोपियों ने नाबालिग किशोरी को दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन पास के जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दरिंदगी की गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन तत्काल जलडेगा थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक विशेष टीम गठित की और रात में ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों में से तीन नाबालिग हैं जिनके मामलों को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत अलग से प्रक्रिया में लिया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और जल्द ही न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। इस शर्मनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
–आईएएनएस
एसएनसी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



