झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत डोमचांच में बुधवार को रविदास मंदिर के पास होर्डिंग-बैनर को लेकर हुए विवाद में दो गुटों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 15 लोग घायल हो गए। आक्रोशित लोगों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बताया गया कि रविदास मंदिर से थोड़ी दूर पर दुर्गा माता का मंदिर निर्माणाधीन है। इसे लेकर कुछ महीने पहले होर्डिंग और बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। बुधवार को संत रविदास की जयंती पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इस दौरान मंदिर के सामने लगाए गए होर्डिंग और बैनर को कुछ लोगों ने हटाना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि होर्डिंग-पोस्टर लगाकर रविदास मंदिर को ढंक दिया गया है। इसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पाकर डोमचांच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो उनपर भी पथराव कर दिया गया। इसमें डोमचांच थाने के प्रभारी ओमप्रकाश सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिसकर्मी को माथे पर चोट लगी है। कोडरमा की एसडीओ रिया सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के कई अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। घटना के बाद आसपास की दुकानें बंद हो गई हैं। हंगामे और मारपीट के आरोप में कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटनास्थल पर खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने जब्त की हैं। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।


Download Android App
Download iOS App



