भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले महीने भर चलने वाली पार्टी की रथयात्रा का शनिवार को शुभारंभ करेंगे। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
भाजपा ने चुनाव में अपने पक्ष में समर्थन तैयार करने के लिए फरवरी और मार्च में रथयात्राएं निकालने का निर्णय लिया है। यह यात्राएं पांच खंडों में होंगी और राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी।
पार्टी के कई शीर्ष नेता इस रथयात्रा के दौरान राज्य में पहुंचेंगे। ये रथयात्राएं शनिवार, सोमवार और अगले मंगलवार को नबाद्वीप, कूचबिहार, काकद्वीप, झारग्राम और तारापीठ से रवाना होंगी।
भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘ जे पी नड्डा छह फरवरी को इस यात्रा का उद्घाटन करने के लिए नबाद्वीप में होंगे। अमित शाह के भी बाद में रथयात्रा कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ अमित शाह के कार्यक्रमों की पुष्टि अभी होना बाकी है।’’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विश्वास प्रकट किया कि रथयात्रा अप्रैल मई में होने वाले चुनाव से पहले पार्टी के लिए पासा पलटने वाली होगी।
राज्य में 2018 में भी पार्टी ने ऐसी ही रथयात्राओं की योजना बनायी थी, लेकिन राज्य सरकार द्वारा अनुमति देने से इनकार करने के बाद अंतिम घड़ी में इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था।


Download Android App
Download iOS App



