ज्योति मल्होत्रा को जासूसी मामले में 9 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा

Summary :

ज्योति मल्होत्रा की पेशी पर पुलिस की जांच का असर

ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपों में 9 जून को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वकील कुमार मुकेश ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई होगी। पुलिस ने ज्योति से मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई आरोपपत्र दाखिल होने के बाद तय होगी।

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपों में घिरी ज्योति मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने बुधवार को बताया कि उनके मुवक्किल को 9 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे फैसला किया जाएगा कि उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। वकील कुमार मुकेश ने इस बारे में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।कुमार मुकेश ने कहा कि पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार जसबीर सिंह के बारे में पंजाब पुलिस कह रही है कि इसके ज्योति मल्होत्रा से लिंक हो सकते हैं। पुलिस इस तरह का दावा इस आधार पर कर रही है, क्योंकि दोनों ही यूट्यूब चैनल चलाते हैं। हो सकता है कि दोनों के बीच लिंक हो, लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं हो जाता है कि ज्योति मल्होत्रा भी जासूस हो। उन्होंने कहा कि अब पुलिस जब इस मामले में आरोपपत्र दाखिल करेगी, तभी यह साफ जाहिर हो सकेगा कि अब तक पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से क्या-क्या कबूल करवाया है। पुलिस के आरोपपत्र से यह जाहिर हो जाए कि ज्योति मल्होत्रा से क्या-क्या पूछताछ हुई है। इसके बाद अगर स्थिति हमारे पक्ष में बनी, तो हम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल करेंगे।

ज्योति मल्होत्रा पर पाक के लिए जासूसी का आरोप, 9 जून को होगी पेशी

उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से एक मोबाइल फोन और तीन लैपटॉप बरामद किए हैं। साथ ही, उन्होंने ज्योति मल्होत्रा द्वारा वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए जाने पर कहा कि अगर यह अवैध होता, तो पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी होती। ज्योति मल्होत्रा ने यह वीडियो आज नहीं, बल्कि दो साल पहले बनाया था। जब दो साल पहले वीडियो बनाया था, तब तो इस मामले में किसी भी प्रकार का अवैध या वैध का पहलू सामने नहीं आया और अब दो साल बाद आप अवैध और वैध वाला एंगल सामने ला रहे हैं।

वहीं, ज्योति मल्होत्रा की वाराणसी पुलिस की तरफ से की गई पूछताछ के बारे में वकील कुमार मुकेश ने कहा कि इसके बारे में तो हिसार पुलिस ही बता सकती है। लेकिन, ज्योति फिलहाल हरियाणा पुलिस की हिरासत में है। पुलिस हिरासत में उससे इस मामले में पूछताछ हो रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.