कल्पना सोरेन को ब्रिक्स वुमन समिट में मिला प्रतिष्ठित ‘ट्रेलब्लेजर अवार्ड’

Summary :

नई दिल्ली/रांची, 23 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के गांडेय क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में आयोजित ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमन समिट 2026’ में प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पायरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल की ओर से आयोजित इस भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान देश-दुनिया की उन महिलाओं की आवाज बनने के लिए दिया गया, जो बाधाओं को पार कर समाज में बदलाव ला रही हैं। कल्पना सोरेन ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि…

नई दिल्ली/रांची, 23 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के गांडेय क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में आयोजित ‘ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमन समिट 2026’ में प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पायरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल की ओर से आयोजित इस भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान देश-दुनिया की उन महिलाओं की आवाज बनने के लिए दिया गया, जो बाधाओं को पार कर समाज में बदलाव ला रही हैं।

कल्पना सोरेन ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय झारखंड की हर ‘मंईयां’ और संघर्षशील महिला के साहस, कड़ी मेहनत और सपनों को समर्पित किया। समारोह को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि आज महिलाएं केवल विकास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे व्यापार, खेल, विज्ञान और शासन जैसे क्षेत्रों में नेतृत्व कर देश की प्रगति को गति दे रही हैं।

उन्होंने हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज सुनने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में महिलाओं को अब केवल ‘लाभार्थी’ के रूप में नहीं, बल्कि ‘उद्यमी’ और ‘बदलाव की नायिका’ के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में बढ़ते आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिरता की सराहना की।

अपनी हालिया लंदन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड जैसे संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का जुनून यह विश्वास दिलाता है कि अवसर मिलने पर राज्य की बेटियां वैश्विक पटल पर नेतृत्व करने में सक्षम हैं। इस उच्च स्तरीय शिखर सम्मेलन में राजनीति, कूटनीति और कला जगत की कई दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बीआरआईसीएस के पूर्व शेरपा संजय भट्टाचार्य, और एनआईसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह शामिल हुए।

इनके अलावा प्रसिद्ध अभिनेत्री शबाना आज़मी, यूएन एडवोकेट भूमि पेडनेकर, दक्षिण अफ्रीका की ब्रिक्स महिला बिजनेस अलायंस की अध्यक्ष लेबोगैंग जुलु और एमिटी इंटरनेशनल स्कूलों की अध्यक्ष डॉ. अमिता चौहान सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.