छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अपने प्रवास पर आए पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के स्थानीय सांसद कमलनाथ शुक्रवार को दिल्ली के लिए जब अपने निजी विमान पर चढ़ रहे थे, तभी कथित तौर पर एक जवान द्वारा उनकी ओर इंसास राइफल तान देने से हड़कंप मच गया।बंदूक तानने वाले पुलिस जवान रत्नेश पंवार को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए कमलनाथ को शनिवार को राहुल गांधी के कांग्रेस के अध्यक्ष चुने जाने के पर होने वाले ताजपोशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपरान्ह चार बजे निजी विमान से दिल्ली रवाना होना था। कमलनाथ विमान में चढ़ ही रहे थे कि इसी बीच सुरक्षा में लगे जवान रत्नेश ने कमलनाथ के विमान की ओर इंसास राइफल तान दी। इससे वहां हड़कंप मच गया और रत्नेश के पास मौजूद दूसरे सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया।
छिंदवाड़ा के पुलिस उप महानिरीक्षक जी. के. पांडे ने आईएएनएएस को बताया कि, सुरक्षा जवान रत्नेश को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, रत्नेश से जब अफसरों ने पूछताछ की तो उसका कहना था कि वह राइफल को एक कंधे से दूसरे कंधे पर टांगने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने रत्नेश का स्वास्थ्य परीक्षण कराया है, साथ ही उसका पुराना रिकार्ड भी देखा जा रहा है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट


Download Android App
Download iOS App



