Karnataka: कर्नाटक विधान परिषद में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की छह सीट पर हो रहे द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। इन छह सीट पर 78 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना छह जून को होगी। कर्नाटक विधान परिषद की 75 सीट में से कांग्रेस 29 पर काबिज है। जिन छह सीट पर मतदान हो रहा है उनमें कर्नाटक उत्तर पूर्व स्नातक, कर्नाटक दक्षिण पश्चिम स्नातक, बेंगलुरू स्नातक, कर्नाटक दक्षिण-पूर्व शिक्षक, कर्नाटक दक्षिण-पश्चिम शिक्षक और कर्नाटक दक्षिण शिक्षक सीट शामिल हैं।
- कर्नाटक विधान परिषद में 6 सीट पर हो रहे चुनाव के लिए मतदान जारी है
- इन छह सीट पर 78 उम्मीदवार मैदान में हैं
- मतगणना छह जून को होगी
- कर्नाटक विधान परिषद की 75 सीट में से कांग्रेस 29 पर काबिज है
6 सदस्यों की रिटायरमेंट के बाद ये सीट हुईं खाली
विधान परिषद के छह सदस्यों की रिटायरमेंट के बाद ये सीट खाली हुई हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 3.63 लाख और 70,260 मतदाता हैं। निर्वाचन आयोग ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 170 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 461 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। कांग्रेस ने दक्षिण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मरिथिब्बा गौड़ा, दक्षिण-पश्चिम शिक्षक सीट से के. के. मंजूनाथ, दक्षिण-पश्चिम स्नातक सीट से अयानुर मंजूनाथ, उत्तर-पूर्व स्नातक सीट से चंद्रशेखर पाटिल, बेंगलुरू स्नातक सीट से रामोजी गौड़ा और दक्षिण-पूर्व शिक्षक सीट से डी टी श्रीनिवास को चुनाव मैदान में उतारा है।
भाजपा 4 तो JD-S दो सीट पर लड़ रही चुनाव
वहीं, भारतीय जनता पार्टी और उसकी सहयोगी जनता दल सेक्युलर विधान परिषद चुनाव एक साथ लड़ रहे हैं। भाजपा चार सीट पर तो JD-S दो सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने कर्नाटक उत्तर-पूर्व स्नातक सीट पर अमरनाथ पाटिल, कर्नाटक दक्षिण-पश्चिम स्नातक सीट पर डॉ. धनंजय सरजी, बेंगलुरू स्नातक निर्वाचन सीट पर ए देवेगौड़ा और दक्षिण-पूर्व शिक्षक सीट पर वाई ए नारायणस्वामी को प्रत्याशी घोषित किया है। जद-एस ने दक्षिण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से के. विवेकानंद और दक्षिण पश्चिम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भोजे गौड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




