कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले अब कर रहे सनातन की बात: सुभाष यदुवंश

Summary :

लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और इसे सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने के दावे पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को हास्यास्पद और बचकाना बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में पहले ही विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो चुका है। पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है जिसे पूरी दुनिया के लोग पहले से ही सनातन की वैश्विक राजधानी मानते हैं। सुभाष यदुवंश ने कारसेवकों पर हुए गोलीकांड की याद दिलाते हुए…

लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और इसे सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने के दावे पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान को हास्यास्पद और बचकाना बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में पहले ही विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो चुका है। पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है जिसे पूरी दुनिया के लोग पहले से ही सनातन की वैश्विक राजधानी मानते हैं।

सुभाष यदुवंश ने कारसेवकों पर हुए गोलीकांड की याद दिलाते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में मां सरयू का पानी कारसेवकों के रक्त से लाल हो गया था, उन्हें अयोध्या के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सुभाष यदुवंश ने सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सपा नेताओं ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है।

रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और हाल ही में सपा सांसद सनातन पांडेय द्वारा कारसेवकों पर गोली चलवाने को सही ठहराने वाले बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव की चुप्पी पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए कि उनकी पार्टी के नेता आज भी हत्याओं को जायज ठहरा रहे हैं और उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है। सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को मुक्त कराकर वहां भव्य मंदिर बनवाने की बात करें।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा के मुद्दे पर मौन रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा तो वहां मंदिर बनवाएगी ही लेकिन अखिलेश यादव को भी इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। अब हर रोज उनसे पूछा जाएगा कि वे मथुरा और भगवान कृष्ण के मंदिर के बारे में कब बोलेंगे। यदुवंश समाज का जिक्र करते हुए सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा के सैफई परिवार ने दशकों से यदुवंशियों को केवल वोट के लिए बेवकूफ बनाया है। परिवार के लोग सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनते हैं जबकि बाकी पूरा यदुवंश समाज केवल दरी बिछाने का काम करता है।

सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा सरकार ने अयोध्या को कब्रिस्तान बना दिया था जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अयोध्या को विश्व मानचित्र पर स्थापित किया है। उन्होंने अखिलेश यादव से मांग की कि वे अयोध्या जाने से पहले मां सरयू के पावन जल में स्नान करें और कारसेवकों व उनके परिजनों से माफी मांगें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न मां सरयू, न कारसेवक और न ही हिंदू समाज सपा को कभी माफ करेगा।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.