कासगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरु हुई यूपी बोर्ड परीक्षा, 64 केंद्रों पर 40362 परीक्षार्थी होंगे शामिल

Summary :

Kasganj News: कासगंज जिले में बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 40,362 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने परीक्षार्थियों और संबंधित सभी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, और संबंधित…

Kasganj News: कासगंज जिले में बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। जिले में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 40,362 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने परीक्षार्थियों और संबंधित सभी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, और संबंधित केंद्र को तत्काल ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।

UP Board Exam: 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी परीक्षा

बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। ये परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं: पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर से लैस कक्षाओं में संचालित किए जा रहे हैं।

परीक्षा की निगरानी के लिए 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक केंद्र पर 1 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 1 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। जनपद के 64 परीक्षा केंद्रों में से 3 को अतिसंवेदनशील और 14 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

Kasganj News:  परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी

प्रश्नपत्र 16 फरवरी को ही पुलिस अभिरक्षा में सभी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचा दिए गए थे। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन के लिए बी.ए.वी. इंटर कॉलेज, कासगंज को मुख्य संकलन केंद्र और एस.बी.आर. इंटर कॉलेज, पटियाली को उप-संकलन केंद्र बनाया गया है।

केंद्रों के निरीक्षण के लिए 7 सदस्यीय दल गठित किए गए हैं। रात्रिकालीन पर्यवेक्षण हेतु 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रत्येक केंद्र के लिए 1 रात्रिकालीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

Rahul Kumar Rawat