Delhi News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली के टोडापुर स्थित रामलीला मैदान में दिल्ली जल बोर्ड की 2100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सिर्फ घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि योजनाओं को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर देती है।
उनका कहना था कि ‘विकसित दिल्ली’ का सपना तभी साकार होगा जब राजधानी में मजबूत और आधुनिक जल प्रबंधन व्यवस्था स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हों, ताकि जनता को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल और सुदृढ़ सीवर व्यवस्था हर नागरिक का अधिकार है।
Delhi News: जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति

Delhi News
कार्यक्रम में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और राजेंद्र नगर के विधायक उमंग बजाज सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाएं न केवल पानी की उपलब्धता बढ़ाएंगी, बल्कि सीवरेज सिस्टम को भी आधुनिक बनाएंगी। इससे राजधानी को साफ और स्वस्थ बनाने में मदद मिलेगी। जिन इलाकों में लंबे समय से पानी और सीवर की समस्या बनी हुई थी, वहां अब स्थायी समाधान किया जा रहा है।
CM Rekha Gupta: यमुना को स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीवेज ट्रीटमेंट की क्षमता बढ़ेगी और बिना साफ किया गया गंदा पानी यमुना में जाने से रोका जा सकेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए जरूरी है कि हर घर तक साफ पानी पहुंचे और हर क्षेत्र में आधुनिक सीवर नेटवर्क विकसित हो।
जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली अब विकास के नए चरण में प्रवेश कर रही है। यह पहल केवल परियोजनाओं का शुभारंभ नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उनका असर अब राजधानी में भी दिखाई दे रहा है।
एमनेस्टी स्कीम का विस्तार
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जल उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागू की गई एमनेस्टी स्कीम को अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। अब इस योजना में व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी शामिल किया जाएगा। इस योजना के तहत अब तक 3.52 लाख से अधिक लोगों ने लाभ उठाया है। पेनल्टी, ब्याज और सरचार्ज माफ कर करीब 1400 करोड़ रुपये की राहत दी गई, जबकि बोर्ड को 484 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
उन्होंने यह भी बताया कि व्यावसायिक और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लेट पेमेंट सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वर्षों से लंबित लगभग 74,293 करोड़ रुपये की पेनल्टी माफ की जाएगी, जिससे बोर्ड को लगभग 285 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
जिन परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ
- नीलोठी-1 एसटीपी की क्षमता 40 एमजीडी से बढ़ाकर 60 एमजीडी की गई है, जिस पर 373.21 करोड़ रुपये खर्च हुए।
- पप्पनकलां फेज-1 एसटीपी की क्षमता 20 एमजीडी से बढ़ाकर 30 एमजीडी की गई, जिसकी लागत 225.28 करोड़ रुपये है।
- नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के हैदरपुर क्षेत्र में पुरानी पाइपलाइन बदली गई, जिस पर लगभग 50.72 करोड़ रुपये खर्च हुए।
- इसके अलावा पीतमपुरा और आसपास के क्षेत्रों में भी पाइपलाइन बदलने पर 19.44 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ
- चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र में जल आपूर्ति सुधार के लिए पैकेज-3 (990 करोड़ रुपये) और पैकेज-4 (268.41 करोड़ रुपये) की शुरुआत की गई।
- बेगमपुर, वजीराबाद, रनहोला और संत नगर क्षेत्रों में घर-घर सीवर कनेक्शन देने की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।
- मोलरबंद एसटीपी की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी, जिस पर 14.71 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- सरकार का कहना है कि इन सभी योजनाओं से दिल्ली में जल आपूर्ति मजबूत होगी, सीवर व्यवस्था बेहतर बनेगी और लोगों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की कानून-व्यवस्था ध्वस्त, रोज हो रही हत्याएं, AAP विधायक कुलदीप कुमार का भाजपा सरकार पर हमला


Download Android App
Download iOS App




