पटना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि कौशल विकास ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव है और इससे राज्य की बेटियां हुनरमंद, आत्मनिर्भर तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सफल होंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने योग्य नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहटा के सिकंदरपुर में 99.97 करोड़ रुपये की लागत से चार एकड़ भूमि पर बनने वाले राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला), पटना के स्थायी परिसर का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। खराब मौसम के कारण वह कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके और वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन का शिलान्यास नहीं, बल्कि बिहार की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास को नई गति मिली है और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार में महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वर्तमान में लगभग 1,500 कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं, जहां अब तक करीब 12 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान में 1.38 लाख युवा विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को बेहतर रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल सकें। बिहार में 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज और 46 पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में मात्र 10 रुपए और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 5 रुपए शुल्क लेकर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही इन संस्थानों में लैंग्वेज लैब स्थापित की गई हैं, जहां छात्र जापानी, जर्मन और फ्रेंच जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में देश के कुशल युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) का स्थायी परिसर महिलाओं के कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस दौरान बिहार सरकार और भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के बीच स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (एसआईआईसी) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस केंद्र के माध्यम से बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
समारोह में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



