नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी गई हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “समस्त देशवासियों को प्रकाश के महापर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश और खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन में नई उम्मीद की किरण और प्रकाश ले आए। यह पर्व सभी को नई ऊर्जा, सुख-शांति, समृद्धि और खुशियां प्रदान करें।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सत्य की साधना और सर्वमंगल की सनातन भावना के पावन महापर्व दीपावली की सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन की पुण्य स्मृति से आलोकित यह महापर्व हमें सेवा, समरसता और सद्भाव के साथ लोक-कल्याण के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। कोई आंगन अंधकार में न रहे, कोई जीवन आशा से वंचित न रहे, यही दीपोत्सव का लोक-मंगलकारी संकल्प है। प्रभु श्री राम एवं माता जानकी की कृपा से सर्वत्र सुख, शांति और समृद्धि का आलोक व्याप्त हो।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अंधकार कितना भी गहरा हो, एक दीपक उसे मिटाने का सामर्थ्य रखता है। प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने पर जलाए गए दीप इसी सत्य को संजोए रखा है। आइए, दीपोत्सव पर विकास, विश्वास और समृद्धि के नए उजाले से हर घर, हर आंगन और हर जीवन को रोशन करने का संकल्प लें। शुभ दीपावली।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को प्रकाश, उमंग और उल्लास के महापर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। दीपों का यह पर्व हमारे समाज से भेदभाव और अभाव का अंधकार मिटाकर प्रेम, बंधुत्व और समरसता के प्रकाश को फैलाए। आइए, इस पावन पर्व पर स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी कर उनके घरों में भी खुशियों का दीप जलाएं।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “दीपावली के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं एवं हार्दिक बधाई। दीपों की स्वर्णिम आभा आपके जीवन में उल्लास, वैभव, आरोग्य और सौभाग्य का संचार करे। माँ लक्ष्मी जी एवं भगवान श्रीगणेश जी की कृपा से हर घर-आंगन खुशियों से आलोकित हो। इस शुभ पर्व पर आइए, नवचेतना और सामूहिक सहभागिता के साथ प्रगतिशील एवं विकसित हरियाणा के स्वप्न को साकार करने का संकल्प लें।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक पावन पर्व दीपावली की समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! दीपों का यह मंगलमय पर्व हमें मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी के आदर्शों का अनुसरण करने तथा धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम जी एवं माता लक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो, यही प्रार्थना है।”
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “प्रकाश व खुशियों के महापर्व दीपावली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “आप सभी समस्त देशवासियों को प्रकाश, उल्लास एवं खुशियों के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं! मां लक्ष्मी की कृपा से यह मंगलमय दीपोत्सव आप सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि का नया प्रकाश लेकर आए!!”
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दया शंकर सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “प्रकाश, उल्लास एवं खुशियों के महापर्व दीपावली की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के आदर्शों से आपका जीवन आलोकित हो और मां लक्ष्मी की कृपा से हर घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। यह दीपोत्सव आपके जीवन में नई आशाएं और खुशियों के अनगिनत अवसर लेकर आएं।”
–आईएएनएस
एसडी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



