पुणे, 24 जून (आईएएनएस)। केतन अग्रवाल की मौत के मामले में अब उनके करीबियों और पड़ोसियों के बयान सामने आने लगे हैं। केतन के निवास स्थान (लोढ़ा) में रहने वाली उनकी पड़ोसी शशि शिशुपाल अग्रवाल ने बुधवार को आईएएनएस से बात करते हुए घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि केतन की मौत की खबर पर विश्वास करना उनके लिए बेहद कठिन था और उनका पूरा परिवार इस समय गहरे सदमे में है।
शशि अग्रवाल ने कहा, “मैं केतन को तब से जानती हूं, जब वह महज एक वर्ष का था और हमारे यहां प्राधिकरण में आया था। भले ही हम उनके सगे रिश्तेदार नहीं हैं, लेकिन हमारे बीच पारिवारिक संबंध हैं। मेरे पति और केतन की मां (पुष्पा दीदी) आपस में भाई-बहन की तरह हैं। केतन बहुत ही प्यारा और हमेशा दूसरों की मदद करने वाला बच्चा था।”
केतन के मददगार स्वभाव को याद करते हुए शशि ने एक पुराना वाकया साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार जब वह और केतन की मम्मी कहीं से लौट रही थीं और उन्हें रास्ता नहीं समझ आ रहा था, तब रात के 12 बजे फोन करने पर केतन तुरंत उनके पास आ गया था।
जब शशि अग्रवाल से केतन की मंगेतर सिया (केतन की मौत की आरोपी) के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन दोनों की सगाई के बारे में पता था। रिश्तेदारी में होने के कारण सभी को यही लगा था कि वह लोग अच्छे हैं। उन्होंने बताया कि केतन अपनी शादी को लेकर बेहद खुश था और उसने अपनी जिंदगी के लिए कई सपने सजाए थे।
मंगेतर सिया पर लगे आरोपों से हैरान होते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक और भयानक है। जिस बच्चे ने हमेशा प्यार के सपने देखे और प्यार किया, उसके साथ कोई ऐसा कैसे कर सकता है। यह सोचना भी मुश्किल है कि एक लड़की ऐसा कदम उठा सकती है।
शशि अग्रवाल ने इस पूरे मामले पर देश की कानून और व्यवस्था से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धोखेबाज लोगों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए कि पूरे भारतवर्ष में फिर किसी भी लड़की या लड़के की ऐसा खौफनाक कदम उठाने की हिम्मत न हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि केतन का परिवार जल्द ही इस असहनीय दुख और सदमे से बाहर निकल जाए।
वहीं, श्री पार्श्व नगर सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि केतन अग्रवाल इधर ही रहते थे, लेकिन अभी तो इधर फिलहाल नहीं है कोई। उन्होंने बताया कि केतन अच्छा लड़का था।
–आईएएनएस
डीके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



