Kullu Cloudburst Nuhada Waterfall: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला और धौलाधार की पहाड़ियों पर गुरुवार को बर्फ गिरी। इसके बाद पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। हालांकि, शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के समय धूप खिली रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं कुल्लू जिले की सैंज घाटी में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुचैहण पंचायत के नूहाडा वाटरफॉल इलाके में बादल फटने के बाद तेज बारिश हुई। बारिश के साथ आई बाढ़ और मलबे ने क्षेत्र में कई जगह नुकसान पहुंचाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के पानी के तेज बहाव में करीब 6 पुलियां बह गईं। इसके अलावा गांवों को जोड़ने वाले कई पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पेयजल योजनाओं की पाइपलाइन को भी नुकसान पहुंचा है। वाटरफॉल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मलबा जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुचैहण पंचायत के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुलियों और रास्तों की मरम्मत के साथ पेयजल योजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल किया जाए।
मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालु की ठंड से मौत
चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की ठंड लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 82 वर्षीय जयराम शर्मा के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के कलरबत्ता गांव के रहने वाले थे। जयराम शर्मा कमल सिंह वजीर के पारंपरिक छड़ी जत्थे के साथ मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे थे। वह अन्य श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा करते हुए डल झील पहुंचे थे। उस समय इलाके में हिमपात और तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं। रात में तापमान शून्य से नीचे चला गया।
बुधवार रात ज्यादा ठंड पड़ने के कारण जयराम शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथ मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। राहत दल और साथी यात्रियों की मदद से शव को दुर्गम रास्तों से नीचे सड़क तक पहुंचाया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. दीपेश बराल ने बताया कि परिजनों के भरमौर पहुंचने और शव की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दिन के तापमान में सात डिग्री तक बढ़ोतरी
- बर्फबारी के बावजूद हिमाचल के कई हिस्सों में दिन का तापमान बढ़ा है।
- प्रदेश के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
- लाहुल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन का तापमान सात डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 18.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
- ताबो में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री, शिमला में 14.5 डिग्री, मनाली में 9.9 डिग्री और कुफरी में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कल्पा में 7.8 डिग्री रही। इसके अलावा केलंग में सात, भुंतर में 6.5 और मंडी में 4.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
- बिलासपुर में भी तापमान तीन डिग्री बढ़ा। ऊना में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम बदलने पर सेहत का रखें ध्यान
मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव के बीच डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. बलवीर वर्मा के मुताबिक मौसम बदलने के दौरान शरीर पर इसका असर पड़ सकता है और जुकाम, बुखार, खांसी या वायरल संक्रमण की समस्या हो सकती है।
सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े या जैकेट पहनना बेहतर है। ठंडा पानी, फ्रिज में रखी चीजें और कोल्ड ड्रिंक से बचने की सलाह दी गई है। खानपान में अदरक, तुलसी, हल्दी और गर्म सूप जैसी चीजें शामिल की जा सकती हैं। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर खुद से एंटीबायोटिक या कोई अन्य दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह से विवाद पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार का पलटवार, कहा- ‘हम आग और पानी से बने हैं’


Download Android App
Download iOS App




