भोपाल, 5 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बस किराए में बढ़ोतरी कर दी गई है। राज्य सरकार की ओर से बढ़ी हुई दरों का प्रकाशन राजपत्र में भी कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी से प्रति किलोमीटर किराया दो रुपए हो गया है। अब तक यह किराया एक रुपए 25 पैसे प्रति किलोमीटर हुआ करता था। राज्य के बस ऑपरेटर लगातार किराया बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे और उन्होंने हड़ताल पर जाने की भी चेतावनी दी थी।
राज्य सरकार ने सिटी बसों को छोड़कर अन्य वर्षों का किराया दो रुपए प्रति किलोमीटर तय कर दिया है। इसके साथ ही न्यूनतम किराया 10 रुपए होगा। वहीं, अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए अलग-अलग किराया तय किया गया है। राज्य राजपत्र में परिवहन विभाग द्वारा प्रकाशित बस किराया दर के मुताबिक, सुपर लग्जरी कोच बस का किराया साधारण मंजिली बस के किराए से 75 प्रतिशत अतिरिक्त किराया लेने की अनुमति होगी।
वहीं, डीलक्स बस में यह सीमा 50 प्रतिशत तक और स्लीपर बस में 40 प्रतिशत अधिक अतिरिक्त किराया लेने की अनुमति होगी। इसके अलावा नॉन एसी डीलक्स बस में किराया 25 प्रतिशत अधिक लिया जा सकेगा। रात्रि कालीन बस सेवा जो सामान्य श्रेणी की होगी, उसमें 10 प्रतिशत अधिक होगा।
राज्य में डीलक्स, स्लीपर और लक्जरी बसों पर रात्रि शुल्क नहीं लगेगा। अब बस किराया दो रुपए प्रति किलोमीटर हो गया है, जो पहले सवा रुपए प्रति किलोमीटर हुआ करता था। इस तरह प्रति किलोमीटर पर 75 पैसे की बढ़ोतरी हुई है।
–आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



