महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने परिवार संग संगम में लगाई डुबकी

Summary :

सीएम फडणवीस ने परिवार संग महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने महाकुंभ में स्नान के बाद परिवार संग त्रिवेणी संगम पर पूजा-अर्चना की।

उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि करीब 50 करोड़ लोगों ने प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगाई। हम लोगों ने भी यहां पर आस्था की डुबकी लगाई है। काफी अच्छा लग रहा है। एक अलग सा अनुभव महसूस हो रहा है। यहां पर बहुत ही भव्य महाकुंभ का आयोजन किया गया। यकीनन यहां से हम लोग बहुत कुछ सीखेंगे। नासिक में भी भव्य कुंभ का आयोजन किया जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि अपने परिवार के साथ महाकुंभ में पवित्र स्नान करने आया हूं। 144 साल बाद यह कुंभ ऐसा योग लेकर आया है। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूं कि यहां पर बहुत ही अच्छी व्यवस्था की गई है। कुंभ में आने वाले सभी श्रद्धालु प्रसन्न हैं। मैं समझता हूं कि यहां पर नया इतिहास बन रहा है। दुनिया के लोग भी अचंभित हैं, इस आस्था के कुंभ को लेकर दुनिया अचरज में है कि इतने लोग कैसे आए, कैसे मैनेज हुए।” उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति की महानता है कि लोग यहां खींचे चले आते हैं। जो लोग नहीं आ पाते हैं, वे भी यहां के गंगाजल को दूसरे श्रद्धालुओं से लेकर पुण्य कमा लेते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.