लखनऊ, 3 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के शुभ अवसर पर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का बड़ा उपहार दिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही प्रदेश के अन्नदाता किसानों के फसल नुकसान की भरपाई और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए बड़ा पैकेज लाएगी।
लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1500 करोड़ रुपए की धनराशि बटन दबाकर सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भरे हुए सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपए होती है, जिसमें भारत सरकार 335.40 रुपए की सब्सिडी देती है। जो 648.55 रुपए लाभार्थियों को खुद खर्च करने पड़ते थे, वह धनराशि राज्य सरकार ने दीपावली के उपहार स्वरूप सीधे गैस कंपनियों को भेज दी है। अब लाभार्थी मुफ्त में सिलेंडर प्राप्त कर 650 रुपए की इस बचत से दीपावली की मिठाई और दीये खरीद सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि अल नीनो, जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान का तात्कालिक मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन सरकार प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए जल्द ही एक अलग विशेष आर्थिक पैकेज लेकर आएगी। इसके साथ ही, आधी आबादी को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए भी सरकार एक बड़ा पैकेज ला रही है, जिससे महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर परिवार का संबल बन सकें।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश के बुरे हाल थे। विकास ठप था और कॉमनवेल्थ, 2जी व कोल जैसे घोटाले आम बात थे। रसोई गैस कनेक्शन लेने के लिए पापड़ बेलने पड़ते थे और 25 से 50 हजार रुपए तक की घूसखोरी चलती थी। 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलिया से उज्ज्वला योजना का शुभारंभ कर इस घूसखोरी पर रोक लगाई। आज उसी का परिणाम है कि वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार 140 करोड़ भारतीयों में से 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में उत्सवों से पहले ही उपद्रव, दंगे और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे। लोगों को अपनी संपत्ति बचाने के लाले पड़ते थे, बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे तथा बाजार वीरान रहते थे। आज राह चलती किसी बेटी को छेड़ने या व्यापारी से जबरन वसूली करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता। ऐसा करने वालों को मालूम है कि उनके लिए जहन्नुम का रास्ता तय है। सुरक्षा का मजबूत वातावरण होने के कारण ही आज महिलाएं निडर होकर नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर वर्ग को खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में अब प्रदेश की मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर ‘अन्नपूर्णा भोजनालय’ शुरू किए जाएंगे। इससे दूर-दराज से अपनी उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को टोकन मनी पर ससम्मान भरपेट भोजन मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि बीओसी बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय ‘अटल आवासीय विद्यालय’ पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं, जहां उन्हें नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, गांव के चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की है। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को बढ़ाकर राशन की दुकानों को मॉडल शॉप ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। लखपति दीदी और बीसी सखी जैसे कार्यक्रम प्रदेश में सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और आधी आबादी को स्वावलंबी बना रहे हैं। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और राशन वितरण योजना पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया तथा कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थी शांति, स्वाती शर्मा, तबस्सुम जैदी, आशा गुप्ता, किरण, सबा, बबली रावत, कुसमा, मानसी और राबिया बानो को डेमो चेक प्रदान किए।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



