बिहार (Bihar) के वैशाली जिले के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से आठ कांवड़ियों की मौत हो गई। ये सभी एक वाहन पर सवार होकर हरिहरनाथ मंदिर जलाभिषेक करने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुलतानपुर गांव की है। कारण को लेकर फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता है लेकिन आशंका है कि डीजे ट्रॉली में बांधकर ले जाने के दौरान 11 हजार वोल्ट का तार माइक के संपर्क में आ गया होगा जिसकी वजह से दर्दनाक हादसा हुआ। इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से झुलस गए।
- हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से आठ कांवड़ियों की मौत हो गई
- सभी एक वाहन पर सवार होकर हरिहरनाथ मंदिर जलाभिषेक करने जा रहे थे
- पुलिस के अनुसार, यह घटना सुलतानपुर गांव की है
सभी मृतक सुल्तानपुर गांव के रहने वाले
पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि सभी मृतक सुल्तानपुर गांव के ही रहने वाले थे। ये सावन महीने में प्रत्येक रविवार को निकलते थे। ऐसा ही 4 अगस्त को किया और रात करीब 12 बजे सभी लोग पहलेजा घाट से गंगाजल भरने और हरिहरनाथ मंदिर जलाभिषेक करने निकले थे। तभी यह घटना घटी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद तत्काल बिजली कार्यालय को फोन किया गया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर मौजूद शख्स ने बताई घटना
मौके पर मौजूद शिवम कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ सुल्तानपुर से डीजे ट्रॉली पर सवार होकर पहलेजा घाट जा रहे थे। पहलेजा घाट से जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवार की सुबह जलाभिषेक करना था। इसी दौरान बाबा चौहरमल स्थान के निकट हाई टेंशन तार की चपेट में डीजे आ गया। करंट लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग झुलस गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम यश पाल मीणा, सिविल सर्जन डॉक्टर श्यामनंदन प्रसाद और डीपीएम कुमार मनोज मौके पर पहुंचे। झुलसने वाले लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश, औद्योगिक थाना क्षेत्र अध्यक्ष राजेश रंजन, नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार समेत भारी पुलिसबल मौके पर मौजूद है।


Download Android App
Download iOS App



