पटना, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और पूर्व भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में ममता बनर्जी के हालिया बयानों, वोटर लिस्ट विवाद, स्टार प्रचारकों की सूची और चुनाव व संसद से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बात की।
उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी अब बंगाल की जनता की विचारधारा को सही से समझ चुकी हैं। वे खुद को बचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन सबसे बड़ी ताकत जनता की है। जनता जिसे चाहेगी, वही सरकार आएगी। बंगाल की जनता दीदी को सत्ता से हटाने जा रही है और उन्हें यही डर सता रहा है। इसलिए वे ऐसे बयान दे रही हैं।”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर तीन देशों (मिस्र, एंटीगुआ-बरबुडा, यूएई) के पासपोर्ट रखने और विदेशी शेल कंपनियों में निवेश के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पर हिमंता की पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले पर निरहुला ने कहा कि अगर किसी पर बिना फेक्ट चेक किए आरोप लगाया जाता है, तो केस दर्ज होना लाजमी है। अब कांग्रेस की सरकार नहीं आएगी, क्योंकि देश की जनता जानती है कि कांग्रेस को जब मौका मिला था, तो उन्होंने क्या किया था। असम में भी उनकी सरकार बनी थी। उन्होंने वहां भी कुछ खास काम नहीं किया था। इसी वजह से देश की जनता ने उन्हें सत्ता से दूर रखा।”
स्टार प्रचारकों के सवाल पर निरहुआ ने बताया, “स्टार प्रचारकों के अलावा भी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश से काम कर रहे हैं। पार्टी में हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और आदेश मिलते ही सब काम में लग जाएंगे।”
उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे पहले देश आता है। भाजपा में व्यक्ति से ऊपर पार्टी और पार्टी से ऊपर देश है, जो लोग देश सेवा का भाव रखते हैं, वे निस्वार्थ भाव से काम करते हैं।”
खेसारी लाल यादव के भाजपा में आने की संभावना को लेकर उन्होंने कहा, “यह फैसला पार्टी का है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करता है कि किसे टिकट देना है या पार्टी में लाना-निकालना है। खेसारी मेरे छोटे भाई जैसे हैं। मैंने कभी उनका विरोध नहीं किया। अगर उन्हें मौका मिले तो खुशी की बात होगी।”
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



