ममता बनर्जी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी को जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश हित के लिए काम करने वाला नेता बताया।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी की जयंती पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश हित के लिए काम करने वाला नेता बताया। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि हर कोई वाजपेयी को बहुत याद करता है। बनर्जी के वाजपेयी के साथ स्नेहपूर्ण संबंध थे। 
ममता बनर्जी ने टि्वटर पर कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। वह ऐसे राजनेता थे जिन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश हित के लिए काम किया। हम उन्हें बहुत याद करते हैं।” 

बता दें कि वाजपेयी के मंत्रिमंडल में बनर्जी के पास महत्वपूर्ण विभाग था। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बनर्जी और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ मंत्रियों को राज भवन आने के लिए आमंत्रित किया है जहां वह वाजपेयी की एक तस्वीर का अनावरण करेंगे। 

उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया कि हालांकि, राज्य सचिवालय से बनर्जी के राज भवन के कार्यक्रम में आने की पुष्टि करने वाला कोई संदेश नहीं मिला है। प्रदेश कांग्रेस, वाम दलों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी राज भवन में कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। 
वाजपेयी की जयंती को देशभर में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। भाजपा के दिग्गज नेता तीन बार प्रधानमंत्री पद पर रहे। सबसे पहले वह 1996 में 13 दिनों के लिए, फिर 1998 से 1999 तक 13 महीनों के लिए और 1999 से 2004 तक पूर्ण कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री बने। उनका पिछले साल 16 अगस्त को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 

Desk Team