ममता के खिलाफ जनाक्रोश दोगुना, भारी बहुमत से आ रही भाजपा : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

कोलकाता, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण की बंपर वोटिंग के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी अभियान को और आक्रामक बना दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तर 24 परगना में रोड शो किया और राज्य में भाजपा की भारी बहुमत से जीत का दावा किया।

रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राज्य में 2021 से लेकर 2026 तक राजनीतिक माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ जनाक्रोश पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है। यह लहर अब लगभग दोगुनी हो चुकी है और भाजपा इसी माहौल के आधार पर राज्य में सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।

भवानीपुर विधानसभा सीट को लेकर भी शाह ने बड़ा दावा किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी न सिर्फ इस सीट पर बल्कि पूरे राज्य में भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा ममता बनर्जी पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने के आरोपों पर भी अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को यह बात काफी देर से समझ में आई है।

दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि अगर ममता बनर्जी ने साफ-सुथरी सरकार चलाई होती और राज्य में ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं की होती, तो भाजपा के लिए बंगाल में जगह बनाना आसान नहीं होता।

इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर भी शाह ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक इस संबंध में पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं देखी है, लेकिन जानकारी के अनुसार, उन सांसदों ने पार्टी छोड़ने के पीछे कई कारण बताए हैं।

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पहले चरण के लिए 152 सीटों पर रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक वोटिंग दर्ज की गई। आजादी के बाद यह वोटिंग प्रतिशत ऐतिहासिक है। भाजपा इसे राज्य में बदलाव के संकेत के रूप में देख रही है। दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है, वहीं नतीजे 4 मई को सामने आएंगे।

–आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।