कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि भारत और बांग्लादेश को आत्रेयी नदी जल-बंटवारा मसले का हल निकालना चाहिए। इस नदी का पानी राज्य के दक्षिण दिनाजपुर जिले के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बनर्जी ने कहा कि भारत की ओर आने वाली आत्रेयी नदी का पानी कृत्रिम तरीके से बांग्लादेश में रोका जा रहा है जिससे जिले के लोगों को दिक्कत हो रही है।
मुख्यमंत्री विधानसभा में रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी की विधायक नर्मदा चन्द्र रॉय के सवाल का जवाब दे रही थीं। दक्षिणी दिनाजपुर में कुशमंडी से विधायक रॉय ने पूछा था कि नदी के जलबहाव में कमी के कारण जिले के लोगों को पेयजल नहीं मिल रहा है, ऐसे में सरकार क्या कदम उठा रही है।
बनर्जी ने कहा कि उन्होंने नदी में भारत की ओर पानी की कमी का मुद्दा दो-तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और भारत के प्रधनमंत्री के समक्ष भी उठा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि केन्द्र सरकार इस मुद्दे को बांग्लादेश सरकार के साथ नहीं उठा रही है।


Download Android App
Download iOS App



