ममता बनर्जी ने युवाओं से कहा-बढ़ती बेरोजगारी को लेकर उठाओ सवाल

Summary :

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस है। बंगाल में हम 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा दिवस मनाते हैं।  

देश में 45 साल में बेरोजगारी दर सबसे अधिक होने को लेकर केन्द्र पर निशाना साधने के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने युवकों से बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सवाल उठाने को कहा। बनर्जी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं को आश्वासन दिया कि वह उनका साथ देंगी। 
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस है। बंगाल में हम 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा दिवस मनाते हैं। मैं युवाओं, छात्रों और नई पीढ़ी से अपील करती हूं कि मजबूत बनो और सवाल करो। बेरोजगारी की समस्या का कोई जवाब नहीं है।’’

केन्द्र सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए बनर्जी ने कहा कि राज्य में उनके शासनकाल में बेरोजगारी में 45 प्रतिशत की कमी आई है। आंकड़ों में पश्चिम बंगाल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मामले में राज्यों में सबसे ऊपर था। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे राज्य बंगाल में बेरोजगारी 45 प्रतिशत कम हुई है। 

जीडीपी वृद्धि में बंगाल देश में सबसे ऊपर है। मैं हमेशा युवाओं, छात्रों और नई पीढ़ी के साथ हूं।’’ आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल में 2018-19 में जीडीपी दर 12.58 प्रतिशत रही और इस दौरान बेरोजगारी दर 6.1 दर्ज की गई। 

Desk Team