बेंगलुरु, 19 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के गृहमंत्री प्रियांक खड़गे ने भाजपा के उस बयान की आलोचना की है, जिसमें मंगलुरु कैबिनेट को “नाक पर घी मलने वाली कैबिनेट” कहा गया है। इसके साथ ही भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रियांक खड़गे ने एक्स पोस्ट में कहा, “मंगलुरु कैबिनेट को “नाक पर घी मलने वाली कैबिनेट” कहना भाजपा सदस्यों की हताशा भरी आलोचना है। जिस भाजपा ने करावली में खून-खराबा करना अपना काम बना लिया था, वह हमारे विकास के नजरिए को देखकर घबरा गई है। भाजपा ने करावली को सांप्रदायिकता की प्रयोगशाला बना दिया था, हम इसे विकास की प्रयोगशाला में बदल रहे हैं।”
खड़गे ने कहा, “भाजपा करावली को सिर्फ वोट बैंक वाले इलाके के तौर पर देखती है। हम करावली में तरक्की की संभावनाएं देखते हैं। करावली में भाजपा का आना-जाना सिर्फ “सूअर” और “भिखारी” जैसे भड़काऊ भाषण देने के लिए था। वहीं, हम करावली के लोगों के आत्म-सम्मान का सम्मान करने के लिए आए हैं। भाजपा करावली में सिर्फ सांप्रदायिक झगड़ों पर चर्चा को बढ़ावा देती थी। हमने डेटा सेंटर, वॉटर मेट्रो, पर्यटन, मरीन बायोटेक और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी जैसे प्रगतिशील विषयों पर चर्चा शुरू की है।”
गृहमंत्री ने कहा, “करावली के 3 जिलों के लिए 32,611 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा ऐतिहासिक है। भाजपा ने करावली को वोट बैंक बना रखा था, विकास का यह नजरिया क्यों नहीं अपना सकी? लोगों का सांप्रदायिक मुद्दों के बजाय प्रगतिशील मुद्दों के बारे में सोचना शुरू कर देना ही वह बात है, जिससे भाजपा को अब अपने अस्तित्व पर ही खतरा मंडराता दिख रहा है।”
इसके पहले प्रियांक खड़गे ने कहा था, “तटीय इलाके के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए ही मैंगलोर में कैबिनेट की बैठक हो रही है। फिर भी यह वाकई हंसी की बात है कि भाजपा, सरकार की इस कोशिश की आलोचना कर रही है, जिसका मकसद लोगों की समस्याओं पर विचार करना और उनका समाधान खोजना है। चाहे कल्याण कर्नाटक हो या तटीय इलाका, सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब समाज में सद्भाव, समानता और जागरूकता हो। लोगों में यह जागरूकता पैदा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
गृह मंत्री ने कहा, “क्या सरकार का लोगों के दरवाजे तक जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना गलत है? क्या रोजगार पैदा करने वाली योजनाएं शुरू करना गलत है? अगर कोई विकास कार्यों में भी राजनीति ढूंढता रहे, तो लोगों को जवाब देना मुश्किल हो जाता है। हमारी सरकार ईमानदारी से काम करने और राजनीति से ऊपर लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।”
–आईएएनएस
ओपी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



