US-ईरान तनाव के बीच भारत ने जारी की एडवाइजरी, कहा- इराक की गैर जरुरी यात्रा से बचें भारतीय

Summary :

विदेश मंत्रालय ने इराक में अमेरिका और गठबंधन सेना के सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइल हमलों के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को इराक की गैर जरुरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।

विदेश मंत्रालय ने इराक में अमेरिका और गठबंधन सेना के सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइल हमलों के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को इराक की गैर जरुरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार यात्रा परामर्श जारी करते हुए कहा, “इराक की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगली अधिसूचना तक इराकी की गैर जरुरी यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।” 
एक अन्य ट्वीट में रवीश कुमार ने कहा, “बगदाद में हमारा दूतावास और इरबिल में वाणिज्य दूतावास इराक में रहने वाले भारतीयों को सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए सामान्य रूप से काम करना जारी रखेंगे।” 
गौरतलब है कि शुक्रवार को ईरानी सेना कमांडर मेजर जनरल कासिम सुलेमानी के इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी हमले में मारे जाने के बाद तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव बढ़ गया है। सुलेमानी की मौत के प्रतिशोध में मंगलवार की रात ईरान ने इराक स्थित अमेरिकी एवं गठबंधन सेना के ठिकानों पर मिसाइल हमले के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका व्याप्त है।

ईरान के मिसाइल हमले के बाद बोले ट्रंप- अमेरिका के पास विश्व की सबसे ताकतवर सेना

Desk Team